शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के द्वारा आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान को शराबी कहने पर बवाल मच गया है. बादल ने एक साक्षात्कार में कहा कि आप प्रधान मान शराबी हैं, सीएम बन गए तो खुशी के मारे शराब में ही डूब जाएंगे.
बादल ने यह भी कहा कि उन्हें आम आदमी पार्टी के ही कुछ लोगों ने बताया है कि वह सात-सात दिन तक गायब हो जाते हैं और लगातार शराब पीते रहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भगवत मान ने शराब छोड़ने की अपनी माता जी की झूठी सौगंध खाई थी और उसके कुछ दिनों के बाद उन्होंने शाराब पी ली थी.
उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर भी हमला बोला है और उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताया है. बादल ने कहा है कि सिद्धू पंजाब का सीएम बनना चाहते हैं और लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ हमलावर हैं.

उनके इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी के प्रभारी राघव चड्डा ने शिअद के खिलाफ कहा है कि सुखबीर बादल आप प्रधान पर पर्सनल अटैक करने पर उतर आए हैं. उन्होंने कहा कि बादल इस तरह के आरोप लगाकर ओच्छी राजनीति कर रहे हैं. उन्हें अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि पंजाब में शिअद से ज्यादा बदनाम पार्टी कोई भी नहीं है.
हालांकि शिअद के वरिष्ठ नेता दलजीत चीमा ने बादल के बयान की पैरवी करते हुए कहा कि उन्होंने मान के बारे में सत्य बोला है, क्योंकि सभी को पता है कि मान शराब पीते हैं. गौरतलब है कि दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने मन बना लिया है कि पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी सांसद भगवंत मान को ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाकर उतरा जाए. पार्टी के सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने भगवंत मान के चेहरे पर ही पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 लड़ने का मन बना लिया है, और इस फैसले की औपचारिक घोषणा के लिए पार्टी सही समय का इंतज़ार कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा समय में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना पॉज़िटिव हैं, इसलिए औपचारिक घोषणा में कुछ दिन की देरी हो सकती है.
0 Comments